रायगढ़

सरकारी जमीन पर ‘अग्रोहा प्लांट’ का कब्जा? चिराईपानी में भड़का ग्रामीणों का आक्रोश

रायगढ़ (छत्तीसगढ़) | 10 अप्रैल 2026 — ग्राम पंचायत लाखा के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिराईपानी में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर सरपंच एवं पंचायत सचिव को लिखित शिकायत सौंपते हुए पाली स्थित ‘अग्रोहा प्लांट’ के खिलाफ तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, चिराईपानी के सरकारी जमीन, जो ‘छोटे झाड़ के जंगल’ के रूप में राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, पर प्लांट द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह भूमि गांव के सार्वजनिक उपयोग और विकास कार्यों के लिए आरक्षित है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित जमीन पर लगे पेड़ों की कटाई की गई है और भूमि को समतल करने के लिए बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश डाली जा रही है। साथ ही, बाउंड्री वॉल निर्माण के उद्देश्य से लोहे के खंभे भी गाड़े जा चुके हैं।

ग्रामीणों ने इस मामले में जिला पंचायत सदस्य गोपाल अग्रवाल एवं जनपद सदस्य फूल मति धनवार से भी हस्तक्षेप कर कब्जा हटवाने का अनुरोध किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि गांव के सामूहिक अधिकारों का भी हनन है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ताओं में नटराज डनसेना, महेंद्र कुमार, अर्जुन यादव और नीरज डनसेना सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page