छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ की बेटी विभूति शर्मा ने कथक की भावपूर्ण प्रस्तुति से मोहा दर्शकों का मन

चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी शाम युवा कथक नृत्यांगना की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

रायगढ़, 16 सितंबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी शाम शास्त्रीय कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या में विशेष रंग भर दिया। रायगढ़ की युवा कथक नृत्यांगना विभूति शर्मा ने शाम 6:30 से 7:00 बजे के बीच अपनी भावपूर्ण, लयबद्ध और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विभूति की प्रस्तुति का सबसे भावुक और यादगार पक्ष यह रहा कि जिस मंच पर वह अपनी कला का प्रदर्शन कर रही थीं, उसी के सामने दर्शक दीर्घा में उनके माता-पिता, दादा, चाचा-चाची, भाई और बहन मौजूद थे। अपनों की मौजूदगी में प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह के मंच पर प्रस्तुति देना उनके लिए विशेष भावनात्मक क्षण रहा।

कथक के प्रति बचपन से समर्पण

रायगढ़, छत्तीसगढ़ की निवासी विभूति शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी कथक नृत्यांगना हैं। वर्तमान में वे इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से कथक विषय में बी.ए. की शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। नृत्य के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है। उन्होंने चक्रधर संगीत महाविद्यालय, रायगढ़ से कथक में छह वर्षीय डिप्लोमा पूर्ण किया है।

विभूति के लिए कथक महज नृत्य की एक विधा नहीं, बल्कि साधना, संस्कृति और अपनी पहचान से जुड़ा माध्यम है। निरंतर अभ्यास और समर्पण के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

राष्ट्रीय स्तर पर हासिल कीं कई उपलब्धियां

विभूति शर्मा ने वर्ष 2020 में आयोजित ऑल इंडिया सोशल डिस्टेंसिंग ऑनलाइन नेशनल डांस प्रतियोगिता के सेमी-क्लासिकल जूनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

वर्ष 2021 में आयोजित 12वें कटक महोत्सव में कथक समूह के जूनियर वर्ग में भाग लेते हुए उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया। वर्ष 2022 में आयोजित श्रीकृष्ण कला सांस्कृतिक महोत्सव में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नृत्य के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

इसके अलावा वर्ष 2024 में आयोजित खजुराहो नृत्य महोत्सव के अंतर्गत हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्यक्रम में भी सहभागी बनने का गौरव उन्हें प्राप्त हुआ।

चक्रधर समारोह के मंच पर दिखी रायगढ़ की प्रतिभाचक्रधर समारोह-2026 के मंच पर विभूति शर्मा की कथक प्रस्तुति ने न केवल शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया, बल्कि रायगढ़ की युवा प्रतिभाओं की कला-साधना को भी मंच प्रदान किया। उनकी भाव-भंगिमाओं, लय और ताल से सजी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह के मंच पर रायगढ़ की बेटी की यह प्रस्तुति उनके परिवार के साथ-साथ शहर के लिए भी गौरव का क्षण बनी।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page