रायगढ़लैलुंगा

चिराईपानी के पास क्षतिग्रस्त पुलिया ने ली एक और जान: खाई में गिरने से पाकुट निवासी युवक की दर्दनाक मौत

रायगढ़/घरघोड़ा। रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर चिराईपानी पहाड़ के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया ने मंगलवार को एक और जान ले ली। खराब सड़क और धंसे हुए साइड-शोल्डर के कारण एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे हुआ। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश (लगभग 35 वर्ष), निवासी ग्राम पाकुट, लैलूंगा के रूप में हुई है। उसकी बाइक क्रमांक CG 13 Y 4061 भी पुलिया के नीचे क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

खराब सड़क और धंसा किनारा बना हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार चिराईपानी के पास स्थित यह पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पुलिया के दोनों ओर सड़क का किनारा (साइड-शोल्डर) धंस चुका है, जिससे वाहन चालकों को लगातार खतरा बना रहता है। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक इसी हिस्से में अनियंत्रित हुई और सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी।

मौके पर पुलिया की स्थिति बेहद जर्जर नजर आ रही है। कई स्थानों पर कंक्रीट उखड़ चुका है और लोहे के सरिए बाहर निकल आए हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो मजबूत क्रैश बैरियर मौजूद है और न ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने संबंधी कोई प्रभावी चेतावनी संकेत लगाए गए हैं।

DLP अवधि में भी नहीं हुआ सुधार कार्य – गौरतलब है कि इस मार्ग का निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व किया गया था और सड़क अभी भी डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP) के अंतर्गत बताई जा रही है। ऐसे में निर्माण संबंधी खामियों को दूर करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है। इसके बावजूद सड़क और पुलिया की बिगड़ती स्थिति को लेकर लगातार शिकायतों के बाद भी प्रभावी सुधार कार्य नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश – एक और जान जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया और सड़क की मरम्मत कर दी जाती तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि क्षतिग्रस्त पुलिया, धंसे हुए साइड-शोल्डर और सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही मजबूत क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page