फसल बीमा क्लेम लेने पर धान बेचने में नहीं आएगी कोई बाधा, किसान बेझिझक करें दावा

फसल नुकसान के बाद बची हुई उपज को समितियों और मंडियों में बेच सकेंगे किसान
चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर देनी होगी सूचना
कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल को नुकसान होने पर भी मिलेगा बीमा का लाभ
रायगढ़, 20 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर किसानों के बीच एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। फसल नुकसान का बीमा क्लेम करने वाले किसान धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने से वंचित नहीं होंगे। बीमा दावा प्रस्तुत करने या क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने के बाद भी किसान फसल नुकसान के पश्चात बची हुई उपज को कृषि उपज मंडियों एवं समितियों में नियमानुसार बेच सकेंगे।
उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं जैसे चक्रवात, बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसल को नुकसान होने पर संबंधित बीमित किसान को घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देना अनिवार्य है। सूचना देते समय फसल क्षति की मात्रा और नुकसान के कारण का स्पष्ट उल्लेख करना होगा।
किसान फसल नुकसान की सूचना संबंधित बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर दे सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों अथवा संबंधित बैंक को भी जानकारी दी जा सकती है। किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करके या पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

कटाई के बाद खेत में सुखाने रखी फसल भी बीमा के दायरे में
योजना के तहत फसल कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए फैलाकर रखी गई अथवा बंडलों में सुरक्षित रखी गई अधिसूचित फसल को भी चक्रवात और बेमौसम बारिश से नुकसान होने की स्थिति में बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा। ऐसे प्रभावित बीमित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी।
फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा 48 घंटे के भीतर सर्वेयर नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद 10 दिनों के भीतर नुकसान का आकलन पूरा किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
किसानों से समय पर दावा प्रस्तुत करने की अपील
उप संचालक कृषि ने जिले के सभी बीमित किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा अथवा प्रतिकूल मौसम के कारण फसल को नुकसान होने पर किसी भी तरह की आशंका या भ्रम में न रहें। फसल बीमा क्लेम करने से धान खरीदी केंद्रों में बची हुई उपज बेचने पर कोई बाधा नहीं आएगी। इसलिए निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना देकर अपने फसल नुकसान का दावा अवश्य प्रस्तुत करें।
फोटो नेट



