सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गेरवानी में सघन पौधरोपण

3 स्थानों पर बने सीसी डस्टबीन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गेरवानी/ रायगढ़।छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय रायगढ़ द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गेरवानी में पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर निर्माण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं उद्योग एवं सहकारिता समिति के सभापति गोपाल अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो,जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राम श्याम तथा गेरवानी सरपंच मुकेश अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं पर्यावरण संरक्षण मंडल की ओर से मानवेंद्र पांडे, सतीश पटेल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल और हरित परिसर के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
उपस्थित लोगों ने “एक पौधा बेहतर कल की पहचान” और “हरियाली है तो जीवन है” जैसे संदेशों के माध्यम से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
तीन स्थानों पर बने पक्के सीसी डस्टबीन
अभियान के तहत पौधरोपण के साथ-साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया गया। गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई गई।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के व्यवस्थित निपटारे के लिए गांव के तीन प्रमुख स्थानों पर पक्के सीसी डस्टबीन का निर्माण कराया गया है। इससे खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से नदी घाटों की स्वच्छता, सेवा गतिविधियों, पौधरोपण और हरित छत्तीसगढ़ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों के साथ शिक्षकगण, स्कूली छात्र-छात्राएं और उद्योग के प्रतिनिधि,स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



