रायगढ़ जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण संपन्न, 16वें वित्त आयोग और PAI पोर्टल पर मिला गहन मार्गदर्शन

रायगढ़, 17 जून 2026। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत रायगढ़ के माननीय सदस्यों हेतु आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र, रायगढ़ में 16 एवं 17 जून को आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला पंचायत के अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को वित्तीय प्रबंधन, पंचायत विकास योजना निर्माण तथा डिजिटल शासन प्रणाली की नवीन प्रक्रियाओं से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं, स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (LSDG) की नौ प्रमुख थीम्स, पंचायत विकास योजना (GPDP) निर्माण की प्रक्रिया, पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) पोर्टल, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल तथा टाइड फंड के प्रभावी उपयोग संबंधी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अनुसूचित क्षेत्रों में पंचायतों की भूमिका और अधिकारों को लेकर पेसा (PESA) कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स श्री अनिल होता, श्री सुधीर पटेल, श्री राजेश महापात्र एवं श्री अर्जुन मेहेर ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया। उन्होंने प्रेजेंटेशन, डिजिटल मॉड्यूल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करते हुए जनप्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा पंचायत संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान आगामी जन योजना अभियान के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पंचायत कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों ने सामूहिक छायाचित्र खिंचवाया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं पंचायतों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम की जानकारी पंचायत संचालनालय नवा रायपुर, ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत संस्थान निमोरा तथा जिला कलेक्टर रायगढ़ को भी प्रेषित की गई।


