खरसियारायगढ़

खरसिया: किरोड़ीमल नगर में भाजपा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, ‘हर घर तिरंगा’ और आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति

रायगढ़/किरोड़ीमल नगर। खरसिया विधानसभा अंतर्गत किरोड़ीमल नगर भाजपा मंडल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों एवं महामंत्रियों तथा शक्ति केंद्रों के संयोजक और सह-संयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार करना रहा।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर –

बैठक में मंडल प्रभारी श्रीमती गायत्री केसरवानी ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए आपसी समन्वय के साथ सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष श्री सनत नायक ने आगामी शक्ति केंद्र बैठकों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान –

बैठक में जिला पंचायत सदस्य एवं ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के प्रभारी श्री गोपाल अग्रवाल ने अभियान की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल पार्टी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन की भागीदारी वाला राष्ट्रीय अभियान बनाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।

इसके साथ ही आगामी संत रविदास जयंती के अवसर पर प्रस्तावित ‘कलश रथ यात्रा’ को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति – बैठक में मछुआरा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक गुनू राम निषाद, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष बालकृष्ण पटेल, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री दिनेश उरांव, एससी मोर्चा जिला सह-कोषाध्यक्ष वाल्मीकि सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता अमरनाथ सिंह, विजय पटेल एवं राजकुमार पटेल सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्रों के संयोजक-सहसंयोजक एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल महामंत्री गजेंद्र यादव ने किया। अंत में मंडल महामंत्री भूवन पटेल ने उपस्थित वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page