
पुसौर अंचल को मिली विकास की बड़ी सौगात, 5 ग्रामों में करोड़ों के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में देवलसुर्रा, आड़मूड़ा, महलोई, लोहखान और लारा में हुए विकास कार्यों के कार्यक्रम
पुसौर/रायगढ़। पुसौर अंचल में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में सोमवार को बड़ी सौगात मिली। माननीय श्री ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में पुसौर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। करोड़ों रुपये के इन विकास कार्यों से क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विकास कार्यों का यह कार्यक्रम देवलसुर्रा, आड़मूड़ा, महलोई, लोहखान और लारा सहित पांच ग्रामों में आयोजित किया गया। इस दौरान जहां विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई, वहीं पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही। जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान ने कार्यक्रम में विशेष रूप से सहभागिता की।
इसके अलावा जनपद सदस्य कृष्णा गुप्ता, हेमालिनी गुप्ता, क्षितेश्वर सिदार, दिनेश चौहान एवं मुक्तेश्वर पंडा, मंडल अध्यक्ष जैमिनी गुप्ता तथा महामंत्री डिग्री पाइक एवं विजय गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थानीय स्तर पर अतिथियों का स्वागत महलोई सरपंच तरुण प्रधान, देवलसुर्रा सरपंच कृष्णा डनसेना, लोहखान सरपंच राजू सिदार एवं लारा सरपंच गोविंद गुप्ता द्वारा किया गया।
प्रशासनिक अमला भी रहा मौजूद
कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही। एसडीएम महेश शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ विवेक गोस्वामी एवं नायब तहसीलदार रश्मि पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विकास कार्यों से ग्रामीणों में उत्साह
भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। गांवों में विकास कार्यों के विस्तार और नई सुविधाओं की शुरुआत से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का स्वागत करते हुए इसे पुसौर अंचल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं को भी रखा। विकास कार्यों के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में आगे भी निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही गई।



