
रायपुर | 14 मई 2026राजधानी रायपुर के कचना-खम्हारडीह मार्ग पर ट्रैफिक जाम से राहत देने वाला रेलवे ओवर-ब्रिज (ROB) अब लगभग तैयार हो चुका है। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शेष कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार ब्रिज का लगभग 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में पेंटिंग, ड्रेनेज, लाइटिंग और अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ओवर-ब्रिज पर पैदल चलकर निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। साथ ही बेहतर रोशनी व्यवस्था के लिए प्रीमियम क्वालिटी की स्ट्रीट लाइट और पोल लगाने के निर्देश भी दिए।
परियोजना की मुख्य बातें –
लागत- लगभग ₹49 करोड़
प्रगति- 96% निर्माण कार्य पूर्ण
शेष कार्य- पेंटिंग, ड्रेनेज और लाइटिंग
लाभ- कचना रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत
यह रेलवे ओवर-ब्रिज रायपुर-वाल्टेयर रेल लाइन पर बनाया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद रायपुर शहर की कनेक्टिविटी कचना, खम्हारडीह, सड्डू, विधानसभा रोड और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक सुगम हो जाएगी।
निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कचना रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम लंबे समय से लोगों की बड़ी समस्या रहा है। इस ओवर-ब्रिज के शुरू होने से हजारों नागरिकों को राहत मिलेगी, समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजधानी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ब्रिज शुरू होने से रोजाना लगने वाले लंबे जाम और रेलवे फाटक पर इंतजार की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
राजधानी के तेजी से बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच कचना रेलवे ओवर-ब्रिज को रायपुर की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में माना जा रहा है। इसके शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।



