रायगढ़

ग्राम लाखा में नाटक कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, गोपाल अग्रवाल बोले— सीमित संसाधनों में भी शानदार आयोजन सराहनीय

लाखा (रायगढ़)। ग्राम लाखा के बाजार पारा में दुर्गा पूजा महोत्सव के शांतिपूर्ण समापन एवं माता रानी की प्रतिमा विसर्जन के पश्चात बीती रात्रि भव्य नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्री गोपाल अग्रवाल ने धूप-बत्ती जलाकर एवं फीता काटकर किया।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री गोपाल अग्रवाल ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कम बजट के बावजूद इतने शानदार एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन करना अत्यंत प्रशंसनीय है। यह आयोजन समिति के सदस्यों की मेहनत, समर्पण और गांव की एकजुटता का परिणाम है।

उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि गांव में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती फुलमती धनवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री घनश्याम धनवार सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

नाटक कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। दर्शकों के उत्साह और तालियों के बीच कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय बना रहा। ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम लाखा में सांस्कृतिक परंपराओं, आपसी सहयोग और सामुदायिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page