कुसमूरा में दिखी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी, पुराने सहयोगी के घर किया भोजन

रायगढ़ | 16 मई 2026 – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के प्रवास पर रहे। ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री कुसमूरा पहुंचे, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

कोतरा हेलीपैड पर हुआ आगमन – मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग 3 बजे ग्राम कोतरा स्थित मंडी परिसर हेलीपैड पर उतरा। उनके आगमन पर वित्त मंत्री OP CHOUDHARY रायगढ़ सांसद RADHESHYAM RATHIA तथा राज्यसभा सांसद DEVENDRA PRATAP SINGH ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
पुराने सहयोगी के घर पहुंचे मुख्यमंत्री – हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे ग्राम पंचायत कुसमूरा पहुंचे, जहाँ उन्होंने अपने पुराने सहयोगी एवं जिला भाजपा कोषाध्यक्ष श्री सनत नायक के निवास पहुंचकर परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों के साथ सहज संवाद करते हुए पुराने दिनों की स्मृतियां साझा कीं तथा उनके घर पर भोजन भी किया।

मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने इसे मुख्यमंत्री की सादगी, आत्मीयता और पुराने साथियों के प्रति सम्मान की मिसाल बताया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायगढ़ क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके हैं। इस दौरान श्री सनत नायक ने एक सहयोगी के रूप में लंबे समय तक उनके साथ कार्य किया है।
क्षेत्रीय विकास को लेकर सौंपा गया ज्ञापन – इस दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती सुषमा खलखो ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी – इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अरुणधर दीवान नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर पालिका खरसिया अध्यक्ष श्री कमल गर्ग,जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जीवन पटेल जनपद सदस्य शिव कुमारी साहू सहित जनप्रतिनिधियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था संभालने के लिए आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह मौजूद रहे।

सुशासन और विकास पर मुख्यमंत्री का जोर – कुसमूरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा विभिन्न लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी और उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट: खबर छत्तीसगढ़ न्यूज़ डेस्क



