खेल समाचाररायगढ़रायपुर

रायगढ़ के लाल दिव्यांशु देवांगन ने रचा इतिहास: विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण, अब जर्मनी में दिखाएंगे दम

रायपुर/रायगढ़ | 14 मई 2026 – छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व का एक और सुनहरा पल सामने आया है। रायगढ़ के उभरते अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन ने मिस्र के काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। खास बात यह रही कि उन्होंने इस प्रतियोगिता में नया विश्व रिकॉर्ड भी कायम कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद दिव्यांशु ने आज उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने दिव्यांशु को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डिप्टी सीएम बोले – छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान – उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि दिव्यांशु देवांगन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्यांशु आगामी जून माह में जर्मनी के सुहल में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भारत के लिए पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगे।

विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण – दिव्यांशु देवांगन ने अप्रैल 2026 में मिस्र के काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर रायफल शूटिंग के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में महाराष्ट्र की शूटर शांभवी श्रवण क्षीरसागर के साथ जोड़ी बनाई थी। इस भारतीय जोड़ी ने 499.9 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

उपलब्धियों से लगातार चमक रहा करियर – दिव्यांशु देवांगन का अब तक का सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है—

दिसंबर 2025 में भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।

जनवरी 2026 में पुणे में हुए जूनियर सलेक्शन ट्रायल में पहला स्थान हासिल किया।

हाल ही में कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया।

जून 2026 में जर्मनी में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2026 के लिए भी उनका चयन हो चुका है।

वर्तमान में दिव्यांशु केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत अधिसूचित एथलीट हैं और अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर ओलंपिक जैसे बड़े मंचों की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page