क्राइम न्यूजतमनाररायगढ़

हौसले बुलंद: गेरवानी मुख्य मार्ग पर ATM काटने की कोशिश, मुस्तैद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रायगढ़ | अपराधियों के हौसले अब इतने बढ़ गए हैं कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। ताजा मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी का है, जहां 24 घंटे भारी वाहनों की आवाजाही वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक एटीएम को गैस कटर से काटने की कोशिश की गई। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई।

सड़क पर शोर, अंदर चल रहा था गैस कटर

गेरवानी का मुख्य मार्ग, जो लगातार ट्रकों और भारी वाहनों की आवाजाही के लिए जाना जाता है, उसी सड़क किनारे स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम में रात करीब 3:00 बजे आरोपी सेंधमारी कर रहा था। आरोपी को उम्मीद थी कि वाहनों के शोर में गैस कटर की आवाज दब जाएगी, लेकिन उसकी यह चाल कामयाब नहीं हो सकी।

पुलिस की घेराबंदी, मौके पर ही गिरफ्तारी

पेट्रोलिंग के दौरान पूंजीपथरा पुलिस को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी।थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में गश्ती टीम (आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा) ने तत्काल एटीएम की घेराबंदी की।पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के पास से गैस कटर और मशीन तोड़ने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

कर्ज और घाटे ने धकेला अपराध की ओर

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः झारखंड का निवासी है और वर्तमान में गेरवानी में रह रहा था।पूछताछ में उसने बताया कि वह पेशे से वेल्डर है और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में हुए भारी नुकसान व कर्ज के चलते उसने चोरी का रास्ता चुना।

3.5 लाख का नुकसान, आरोपी जेल भेजा गया

इस घटना में एटीएम मशीन को लगभग 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 305, 316, 331(4) और 62 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

बड़ा सवाल: सुरक्षा में चूक?

घटना ने एटीएम सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जहां 24 घंटे आवाजाही रहती है, वहां इस तरह की वारदात की कोशिश यह दर्शाती है कि सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं।हालांकि, पुलिस की सतर्कता ने समय रहते बड़ी चोरी को टाल दिया।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page