
संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर 09 शक्ति केंद्रों से गुजरी कलश वंदन यात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
किरोड़ीमल नगर, खरसिया (रायगढ़) – संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश लेकर निकाली जा रही ‘सामाजिक समरसता कलश वंदन अभियान यात्रा’ का किरोड़ीमल नगर मंडल में भव्य स्वागत एवं समापन हुआ। यात्रा मंडल के सभी 09 शक्ति केंद्रों से होकर गुजरी, जहां आमजनों, माताओं-बहनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, कलश पूजन और श्रद्धापूर्वक वंदन कर यात्रा का स्वागत किया।
पूरे क्षेत्र में इस दौरान श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समता, सद्भाव और मानव-मानव की समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

“मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश जन-जन तक
यात्रा के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक भेदभाव, ऊंच-नीच और असमानता के विरुद्ध एक सशक्त संदेश है। उन्होंने मानव-मानव में समानता, प्रेम, सद्भाव और श्रेष्ठ कर्म को जीवन का आधार माना।
संत रविदास जी का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को यह प्रेरणा देता है कि वास्तविक पवित्रता बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि निर्मल मन, अच्छे विचार और श्रेष्ठ कर्मों में निहित है। कलश वंदन अभियान के माध्यम से इन्हीं विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका – पूरे अभियान की रूपरेखा एवं आयोजन को सफल बनाने में मंडल प्रभारी योगेंद्र सूर्यवंशी, सह प्रभारी दुष्यंत रात्रे एवं शिव कुमारी साहू का विशेष मार्गदर्शन एवं योगदान रहा।
जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति – कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत सदस्य गोपाल अग्रवाल, जनपद सदस्य शिव कुमारी साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष राम भगत निषाद एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय पदाधिकारियों में अनुसूचित जाति मोर्चा जिला महामंत्री नवल कनेर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला महामंत्री दिनेश उरांव, अजा मोर्चा जिला सह-कोषाध्यक्ष वाल्मीकि सिंह चौहान एवं किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बालकृष्ण बासु पटेल उपस्थित रहे।
मंडल स्तरीय पदाधिकारियों में मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा, मंडल महामंत्री गजेंद्र यादव एवं भुवन पटेल, अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, मंडल उपाध्यक्ष शकुंतला विश्वकर्मा एवं लीलाधर पटेल, मंडल कोषाध्यक्ष त्रिवेणी निषाद, मंडल मंत्री कांति रेखा मानिकपुरी एवं खिलेश्वरी साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ नेता लाभो राम साहू, रामप्रसाद चौधरी एवं दिलीप चंद्र, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री उमाशंकर साहू, मंडल उपाध्यक्ष ललित यादव, विष्णु पटेल, भीम यादव एवं दुलेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
समता और सद्भाव से ही बनेगा सशक्त समाज – समापन अवसर पर मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा ने कलश वंदन अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि “संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचार किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए शाश्वत प्रेरणा हैं। उनके बताए समता, सद्भाव और सामाजिक एकता के मार्ग पर चलकर ही हम मजबूत, विकसित और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में समानता, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया। कलश वंदन यात्रा का समापन पूरे मंडल में सामाजिक एकता और श्रद्धा के भाव के साथ हुआ।



