रायगढ़ में 22 मई को होगा सीएम हेल्पलाइन का महा-प्रशिक्षण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 20 मई 2026। – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जल्द शुरू होने जा रही “सीएम हेल्पलाइन” सेवा के प्रभावी संचालन को लेकर रायगढ़ जिला प्रशासन पूरी तैयारी में जुट गया है। इसी कड़ी में आगामी 22 मई को जिला स्तर पर एक वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
प्रातः 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के संचालन, शिकायत प्रबंधन तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
चार स्तरीय व्यवस्था से होगा शिकायतों का त्वरित समाधान
शासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए मजबूत चार स्तरीय (4-Tier) व्यवस्था लागू की गई है। इस प्रणाली में ब्लॉक स्तर से लेकर विभागाध्यक्ष (HOD) स्तर तक अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों को मिलेगा तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रशिक्षण – प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर प्रशिक्षित किया जाएगा—
शिकायत पंजीयन की प्रक्रिया
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का संचालन
समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निराकरण
ऑनलाइन क्लोजर एवं रिपोर्टिंग की तकनीकी प्रक्रिया
शिकायत मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही प्रणाली
जिला अधिकारी रहेंगे उपस्थित, ब्लॉक अधिकारी VC से जुड़ेंगे
प्रशिक्षण को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए जिला स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों की भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। वहीं विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रशिक्षण में शामिल होंगे।
कलेक्टर का सख्त निर्देश
रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनता को मिलेगा त्वरित समाधान का भरोसा – सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू होने के बाद आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रशासनिक जवाबदेही भी मजबूत होगी।



