रायगढ़ जिला पंचायत में बड़ी समीक्षा बैठक: पीएम आवास और मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर CEO सख्त

रायगढ़ | 19 मई 2026ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से जिला पंचायत रायगढ़ के सभा कक्ष में मंगलवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा (MGNREGA) के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री अभिजीत बबन पठारे ने लंबित और धीमी प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के सख्त निर्देश दिए।
पीएम आवास योजना पर फोकस, अधूरे मकानों को जल्द पूरा करने के निर्देश – बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अप्रारंभ और लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों की स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। CEO श्री पठारे ने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
जो आवास अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
निर्माणाधीन आवासों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए पंचायतवार और फील्ड नोडलवार जवाबदेही तय की जाए।
नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग के माध्यम से निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
मनरेगा में ई-केवाईसी, ABPS और जियो टैगिंग पर जोर – मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान मानव दिवस सृजन, भुगतान प्रक्रिया और तकनीकी पारदर्शिता पर विशेष चर्चा हुई। CEO ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि—
श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए।
ABPS खातों की स्थिति अपडेट रखी जाए ताकि मजदूरी भुगतान में देरी न हो।
NMMS उपस्थिति और जियो टैगिंग में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा नए प्रस्तावों को तेजी से स्वीकृत किया जाए।
फील्ड में उतरकर निगरानी करने के निर्देश – बैठक में CEO श्री पठारे ने दो टूक कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में किसी भी प्रकार की सुस्ती स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की निगरानी करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद – समीक्षा बैठक में जिला स्तर के योजना प्रभारी अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के विकासखंड समन्वयक (BC), कार्यक्रम अधिकारी (PO मनरेगा), उप अभियंता, तकनीकी सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: खबर छत्तीसगढ़ ब्यूरो



