
रायगढ़ | 19 मई 2026 – रायगढ़ जिला प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार देर रात खरसिया स्थित वंदना पेट्रोल पंप पर बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त प्रशासनिक टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई – जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से पेट्रोल पंप के संचालन को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी के मद्देनज़र देर रात संयुक्त टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि पंप प्रबंधन द्वारा कई अनिवार्य सुरक्षा प्रावधानों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
निरीक्षण में सामने आई खामियों पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही पंचनामा तैयार कर कार्रवाई पूरी की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान – यह कार्रवाई रायगढ़ एडीएम प्रवीण तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी तथा खरसिया तहसीलदार की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों की भारी मौजूदगी ने कार्रवाई की गंभीरता को स्पष्ट कर दिया।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश – कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी कि जिलेभर में अन्य पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की औचक जांच आगे भी जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा। शासन के निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी व्यवसायिक संस्थानों की जिम्मेदारी है।



