खाद घोटाले पर CM का बड़ा एक्शन: सहायक आयुक्त सस्पेंड, कलेक्टर्स को भी सख्त चेतावनी

रायपुर – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक ओर जहां बेहद संवेदनशील और सौम्य चेहरा देखने को मिला, वहीं प्रशासनिक लापरवाही पर उनका कड़ा और सख्त रुख भी सामने आया। ‘सुशासन तिहार’ के तहत सूरजपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के औचक दौरे पर निकले मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में अधिकारियों की जमकर क्लास ली।

किसानों को खाद वितरण में गड़बड़ी की शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरिया जिले के सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
पानी और शिक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख – चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों में पेयजल संकट और स्कूलों के खराब परीक्षा परिणामों पर गहरी नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन इलाकों में पानी की समस्या है, वहां हर हाल में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित कलेक्टर्स सीधे जिम्मेदार होंगे।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आगामी शिक्षा सत्र में स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा परिणाम बेहतर हो सकें।
बरसात से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन – मुख्यमंत्री ने बारिश से पहले सभी जल स्रोतों की सफाई और क्लोरीनेशन कराने के निर्देश दिए, ताकि मौसमी बीमारियों की रोकथाम की जा सके। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हितग्राहियों को परेशान करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
संवेदनशीलता और अपनत्व की भी दिखाई मिसाल – प्रशासनिक सख्ती के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सवेदनशील और आत्मीय रूप भी देखने को मिला। सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई। वहीं बच्चों का अन्नप्राशन कर उनका नामकरण भी किया, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

बैठक में रहे मौजूद – इस हाई-लेवल वर्चुअल समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित तीनों जिलों के कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और जिला पंचायत सीईओ उपस्थित रहे।



