रायगढ़ जनदर्शन: आमजनों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, एडीएम ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

रायगढ़, 17 अगस्त 2026। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित जनदर्शन में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों की फरियाद गंभीरता से सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य, आवास और सड़क से जुड़े मामले प्रमुख – जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य, दिव्यांग सहायता, आवास, शिक्षा, सड़क और राजस्व से जुड़े विभिन्न मामले सामने आए।
स्वास्थ्य एवं दिव्यांग सहायता – ग्राम अमलीडीहा निवासी धनुर्जय चौहान ने सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं, छातामुड़ा निवासी किशन कुमार ने कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
आवास एवं शिक्षा – ग्राम बाकारूमा की जानकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त राशि से आवास निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। वहीं, खूंटाकूड़ा निवासी खुशबू राठिया ने पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन दिया।
सड़क एवं राजस्व – विनोबा नगर वार्ड क्रमांक 25 के नागरिकों ने शासकीय नजूल भूमि एवं सड़क क्षेत्र को व्यवस्थित कर आवागमन सुगम बनाने की मांग रखी। ग्राम चिरईपानी के ग्रामीणों ने बड़े झाड़ के जंगल एवं धरसा रोड के सुधार की मांग की, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
इसके अलावा, गोवर्धनपुर निवासी जयपाल जगबानी ने भूमि विक्रय के लिए आवश्यक ‘बिक्री नकल’ जल्द उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया।
पात्रता के आधार पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश – आमजनों से प्राप्त आवेदनों की सुनवाई के दौरान एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रकरण का बारीकी से परीक्षण किया जाए और पात्रता के आधार पर नियमानुसार समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। अधिकारियों द्वारा मौके पर दिए जा रहे निर्देशों से नागरिकों को अपनी समस्याओं के जल्द समाधान की उम्मीद बंधी है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



