छत्तीसगढ़रायगढ़

कलम के सिपाहियों का विजय पर्व- रायगढ़ में आज 7 बजे दशकों का इंतजार खत्म, वित्त मंत्री ओपी चौधरी रखेंगे प्रेस क्लब भवन की नींव

डिग्री कॉलेज रोड पर बनेगा आधुनिक मीडिया सेंटर, 50 लाख की लागत से होगा निर्माण; दिवंगत पत्रकारों को दी जाएगी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

रायगढ़ – 02 मई 2026 –

रायगढ़ के पत्रकारिता जगत के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। वर्षों से संजोया गया ‘प्रेस क्लब भवन’ का सपना अब साकार होने जा रहा है। आज शाम ठीक 7:00 बजे डिग्री कॉलेज रोड स्थित आवंटित भूमि पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी विधि-विधान के साथ भवन की आधारशिला रखेंगे।

यह अवसर केवल एक भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि पत्रकारों के स्वाभिमान, संघर्ष और एकजुटता की प्रतीकात्मक जीत है।

पुरोधाओं को सच्ची श्रद्धांजलि – इस ऐतिहासिक क्षण पर उन दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा, जिन्होंने इस सपने को वर्षों तक जीवित रखा। बारेननाथ बनर्जी, गुरुदेव कश्यप, अनुपम दास गुप्ता, सत्यनारायण अग्रवाल, दयाकिशन अग्रवाल, महेंद्र जैन, वासुदेव मोदी और प्रवीण जयसिंह जैसे पुरोधाओं का संघर्ष आज साकार रूप ले रहा है।

स्वाभिमान की मिसाल बनी कार्यकारिणी✌️ – प्रेस क्लब की वर्तमान टीम ने इस उपलब्धि को आत्मसम्मान के साथ हासिल किया। अध्यक्ष हेमंत थवाईत और सचिव नवीन शर्मा ने किसी बाहरी सहयोग के बजाय स्वयं 6 लाख रुपये (3-3 लाख) का योगदान देकर रजिस्ट्री और भू-भाटक की सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कराईं। इस पहल की पूरे प्रदेश में सराहना हो रही है।

वित्त मंत्री की पहल, 50 लाख का बजट – वित्त मंत्री ओपी चौधरी की सक्रिय पहल से भूमि आवंटन की प्रक्रिया तेजी से पूरी हुई। उन्होंने विधायक निधि से 30 लाख रुपये स्वीकृत किए, जबकि मुख्यमंत्री की घोषणा के 20 लाख रुपये मिलाकर कुल 50 लाख की लागत से आधुनिक मीडिया सेंटर का निर्माण होगा। भवन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एकजुटता से मिली सफलता- अध्यक्ष हेमंत थवाईत के नेतृत्व में सचिव नवीन शर्मा, कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक, उपाध्यक्ष राजेश जैन सहित पूरी टीम ने समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करते हुए इस परियोजना को धरातल पर उतारा। डिग्री कॉलेज रोड का यह स्थान पत्रकारों के लिए सुगम और उपयुक्त केंद्र बनेगा।

अगला लक्ष्य- प्रेस कॉम्प्लेक्स और आवास – प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआत है। भविष्य में पत्रकारों के लिए आवासीय कॉलोनी और प्रेस कॉम्प्लेक्स की दिशा में भी प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम विवरण-

आयोजन – प्रेस क्लब भवन भूमि पूजन

समय- शाम 07:00 बजे

स्थान- डिग्री कॉलेज रोड, रायगढ़

मुख्य अतिथि – श्री ओपी चौधरी (वित्त मंत्री, छत्तीसगढ़)

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page