मैदान पर पसीना, आंखों में सपना: 540 खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला, खेल अकादमी चयन का अंतिम दिन कल

रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा, चार राज्यों के प्रतिभागियों से बढ़ा मुकाबला
रायपुर /बिलासपुर | 30 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित आवासीय खेल अकादमी की चयन प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में शुक्रवार को हॉकी और एथलेटिक्स के 540 खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।मैदान पर खिलाड़ियों का जुनून और जीत का जज़्बा साफ झलक रहा था—हर खिलाड़ी अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी ताकत झोंकता नजर आया।
चार राज्यों से बढ़ी प्रतिस्पर्धा — इस चयन प्रक्रिया में केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल को खिलाड़ियों और अभिभावकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

आज के ट्रायल का प्रदर्शन –
हॉकी- कुल 284 खिलाड़ी (111 बालिकाएं, 173 बालक)
एथलेटिक्स- कुल 256 खिलाड़ी (87 बालिकाएं, 169 बालक)
विशेषज्ञों की टीम खिलाड़ियों का मूल्यांकन मोटर एबिलिटी और गेम स्किल के आधार पर बारीकी से कर रही है, जिससे केवल सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन सुनिश्चित हो सके।
कल का फाइनल शेड्यूल (1 मई)
सुबह 7:00 बजे से शुरुआत –
हॉकी- अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम (पिच-2) में कौशल परीक्षण
एथलेटिक्स- स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में अंतिम ट्रायल

चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा खास मौका – फाइनल में चयनित खिलाड़ियों को शासन की आवासीय खेल अकादमी में
मुफ्त प्रशिक्षण
पोषणयुक्त डाइट
बेहतर शिक्षा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे वे अपने खेल करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।



