CM और मंत्रिमंडल के सामने फूटा विस अध्यक्ष का गुस्सा: कलेक्टर-एसपी की लगाई क्लास, बोले- ऐसी लापरवाही कभी नहीं देखी

बेमेतरा के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में व्यवस्थाओं पर भड़के डॉ. रमन सिंह, मंच से अधिकारियों को सुनाई खरी-खरी; मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में जताई नाराजगी
बेमेतरा/रायपुर। — बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम उस समय सुर्खियों में आ गया, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर खुले मंच से नाराज हो गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के कई सदस्यों की मौजूदगी में डॉ. रमन सिंह ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर और एसपी को कड़ी फटकार लगाई।
कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं में हुई चूक और समुचित प्रबंधन के अभाव पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में जिस स्तर की तैयारी और समन्वय होना चाहिए था, वह दिखाई नहीं दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल कार्यक्रम में मौजूद था, लेकिन उनकी गरिमा और प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं की गईं।
“यह तरीका बिल्कुल ठीक नहीं” – अपने संबोधन के दौरान डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था बनाने और स्थिति संभालने में अत्यधिक समय लगा, जो प्रशासनिक दक्षता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मंच से ही अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए।
“15 साल मुख्यमंत्री रहा, ऐसी लापरवाही नहीं देखी”
डॉ. रमन सिंह ने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा, “मैं 15 साल तक प्रदेश का मुख्यमंत्री रहा हूं, लेकिन इस तरह की नकारात्मकता और लापरवाही बहुत कम देखने को मिली। अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहें, यही अपेक्षा है।
“उन्होंने कहा कि वे सामान्यतः सार्वजनिक मंचों से अधिकारियों पर टिप्पणी करने से बचते हैं, लेकिन जब बात सरकार की गरिमा, जनता के विश्वास और प्रशासनिक जवाबदेही की हो, तब अपनी बात रखना जरूरी हो जाता है।
अधिकारियों में मचा हड़कंप – विधानसभा अध्यक्ष की नाराजगी सामने आते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. रमन सिंह की टिप्पणी के बाद अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो – इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष का नाराज अंदाज साफ दिखाई दे रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस तरह खुलकर नाराजगी जताना प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। वहीं, आम लोगों के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर व्यापक चर्चा देखी जा रही है



