PWD सचिव का रायगढ़ दौरा: कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्त निर्देश

सर्किट हाउस में मैराथन समीक्षा बैठक; मेडिकल कॉलेज, ट्रांजिट हॉस्टल और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत कई नए प्रोजेक्ट्स को जल्द शुरू करने के निर्देश
रायगढ़, 28 मई 2026। जिले में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों को गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने रायगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केलो नदी पर निर्माणाधीन कयाघाट ब्रिज तथा शहर के महत्वाकांक्षी ‘मरीन ड्राइव’ प्रोजेक्ट का औचक निरीक्षण कर कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी तथा PWD अधिकारियों से दोनों परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद रायगढ़ सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। सचिव बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि उनकी पूर्ण उपयोगिता (Functionality) और दीर्घकालिक टिकाऊपन (Sustainability) सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

समीक्षा बैठक में जिले के प्रस्तावित एवं नए प्रोजेक्ट्स पर भी विशेष फोकस किया गया। सचिव ने ट्रांजिट हॉस्टल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन, प्रयास आवासीय स्कूल भवन, कामकाजी महिला छात्रावास तथा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की कार्ययोजना की जानकारी ली और इन प्रोजेक्ट्स पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे एवं श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत, श्री एन.के. लाल और श्री जे.पी. तिग्गा सहित विभाग के सभी कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



