रायगढ़खरसिया

भूपदेवपुर थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक, नव-नियुक्त पुलिस अधिकारियों का हुआ आत्मीय स्वागत

रायगढ़ / भूपदेवपुर। भूपदेवपुर थाना परिसर में बुधवार को नव-नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के बीच परिचयात्मक बैठक एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विकास संबंधी विषयों पर सकारात्मक संवाद स्थापित करना था।

इस अवसर पर खरसिया के नव-नियुक्त एसडीओपी श्री सतीश भार्गव एवं भूपदेवपुर थाना प्रभारी (निरीक्षक) श्री रोशन कौशिक का जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित के कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने अपना परिचय दिया तथा क्षेत्र की प्राथमिक समस्याओं, विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, सामाजिक समन्वय एवं पुलिस-जन सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न विकास गतिविधियों, ग्रामीण समस्याओं एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान एवं सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस और जनता के बीच नियमित संवाद एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं नव-नियुक्त अधिकारियों ने जनसहयोग से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन के विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति श्री गोपाल अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री अतुल शर्मा तथा रायगढ़ जनपद सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री राम भगत निषाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा श्री विद्यानंद नायक, श्री विजय पटेल, सरपंच श्री मनबोध चौहान, सरपंच श्री घुरवीर दास महंत, सरपंच प्रतिनिधि श्री संजय सारथी, श्री गौरीशंकर पटेल एवं श्री राजकुमार पटेल सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं गणमान्य ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

जनप्रतिनिधियों ने दोनों अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी जनसंपर्क एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में भूपदेवपुर थाना का समस्त पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। परिचयात्मक बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और पुलिस-जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय एवं जनसहयोग को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page