खुशियां बांटने निकला, रास्ते में मिली मौत: रायगढ़ बायपास पर ट्रक ने कुचला

📍 रायगढ़। शहर के बायपास रोड पर ढीमरापुर चौक के पास (मंगलू डीपा पुल क्षेत्र) बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक साइकिल पर सवार होकर शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकला था, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
सड़क पर बिखरे कार्ड, पलभर में उजड़ी खुशियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इला मॉल के सामने ट्रक (क्रमांक CG 13 AR 6163) ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारी। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे शादी के कार्ड इस बात की गवाही दे रहे थे कि जिस घर में जश्न की तैयारी थी, वहां अब मातम छा गया है।

भागने की कोशिश नाकाम, ड्राइवर पकड़ाया
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद जागरूक नागरिकों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश का माहौल बन गया।
बेलगाम रफ्तार और अवैध पार्किंग बनी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास रोड पर तेज रफ्तार के साथ-साथ सड़क किनारे हो रही अवैध पार्किंग भी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। भारी वाहन और अन्य गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी रहने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद नागरिकों ने बायपास पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, अवैध पार्किंग हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की तैयारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच जारी है।



