जननेता स्व. रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर कल रायगढ़ में ‘महादान’, कमलम परिवार के विशाल रक्तदान शिविर में जुटेंगे नामी डॉक्टर्स

रायगढ़। लोकप्रिय पूर्व विधायक और जननेता स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की जयंती के उपलक्ष्य में कल, 20 जून 2026 (शनिवार) को रायगढ़ में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन होने जा रहा है। ‘रायगढ़ कमलम परिवार’ द्वारा आयोजित यह शिविर विगत पांच वर्षों की भांति इस वर्ष भी अग्रोहा भवन, गौरीशंकर मंदिर चौक, रायगढ़ में सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा।
आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल जी का सम्पूर्ण जीवन समाजसेवा और परोपकार में बीता। स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण उनके पसंदीदा कार्यक्षेत्र थे, इसीलिए उनकी जयंती पर इस रक्तदान शिविर के माध्यम से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

सुप्रसिद्ध डॉक्टरों की देख-रेख में होगा ब्लड कैंप
इस बार शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पूरा ब्लड कैंप शासकीय एवं निजी ब्लड बैंक के सुप्रसिद्ध डॉक्टरों की सीधी देख-रेख और टीम की निगरानी में संपन्न होगा, जिससे रक्तदाताओं को पूरी तरह से सुरक्षित और पेशेवर माहौल मिलेगा।
‘फास्ट टाइम ब्लड डोनर’ तैयार करना मुख्य उद्देश्य
सक्रिय युवा नेता और स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के सुपुत्र गौतम अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य ‘फास्ट टाइम ब्लड डोनर’ (पहली बार रक्तदान करने वाले लोग) तैयार करना है। जो व्यक्ति आज तक एक बार भी ब्लड डोनेट नहीं किया है, उसे स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करना है ताकि भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में वे अपने परिजनों और समाज के काम आ सकें। इसके साथ ही, रक्तदान से जुड़े भ्रम और डर को दूर कर लोगों में जागरूकता फैलाना भी प्राथमिकता है।
रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं, रक्तदान ही एकमात्र रास्ता
गौतम अग्रवाल ने रक्त के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सब जानते हैं कि रक्त किसी कृत्रिम तरीके से नहीं बनाया जा सकता है, यह सिर्फ हमारे शरीर से ही रक्तदान करने से उपलब्ध होता है। रक्तदान करने से कई लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। किसी को नवजीवन देकर जो आत्मिक आनंद मिलता है, उसका न तो कोई मूल्य आंका जा सकता है और न ही उसे शब्दों में व्यक्त किया जा सकता है।

आयोजकों ने की भारी संख्या में जुटने की अपील
गौतम अग्रवाल और रायगढ़ कमलम परिवार ने क्षेत्रवासियों, समर्थकों और युवाओं से विशेष आग्रह किया है कि वे अपने परिजनों, इष्ट मित्रों और इच्छुक व्यक्तियों के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि आपका यह प्रयास किसी वृद्ध माता-पिता को बेसहारा होने से बचा सकता है, तो किसी का खिलता यौवन असमय काल कवलित होने से बच जाएगा। आइए, आने वाली नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनें।

“आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। आइए, रक्तदान कर पुण्य कमाएं और किसी की जिंदगी बचाएं।”
पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए संपर्क सूत्र:
शिविर में पंजीकरण कराने या किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कमलम परिवार द्वारा आधिकारिक नंबर जारी किए गए हैं:
- पल्लू बेरीवाल: 09893171190
- विमल अग्रवाल: 7828727111
- राजेंद्र नंदे: 9516541082
- गौतम अग्रवाल (आयोजक): 9893691000
शिविर का संक्षिप्त विवरण:
- तारीख: 20 जून 2026 (शनिवार)
- समय: प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक
- स्थान: अग्रोहा भवन, गौरीशंकर मंदिर चौक, रायगढ़
- मुख्य आयोजक: रायगढ़ कमलम परिवार



