
अपडेट: चिराईपानी में बंदरों का आतंक जारी, महिला पर फिर हमला; 12 टांके लगे, रायगढ़ रेफर
रायगढ़/ लाखा| 30 जुलाई। ग्राम चिराईपानी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह करीब 11 बजे एक आक्रामक बंदर ने फिर हमला कर एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, श्रीमती कमला पंडा, पति श्री लक्ष्मण पंडा, नहाने के लिए चिराईपानी नाला जा रही थीं। इसी दौरान एक आक्रामक बंदर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बंदर ने उनके सिर और हाथ पर बुरी तरह काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर पर गहरे घाव आने के कारण 12 टांके लगाने पड़े।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सरायपाली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि ग्राम चिराईपानी में पिछले कई दिनों से बंदरों का आतंक बना हुआ है और अब तक दर्जनों ग्रामीण हमले का शिकार हो चुके हैं। आक्रामक बंदर अभी भी वन विभाग की पकड़ से बाहर है। ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल गांव में कोई रेस्क्यू अभियान नहीं चल रहा है और लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए वन विभाग को तत्काल विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू कर आक्रामक बंदर को पकड़ना चाहिए, ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



