
रायगढ़ | 30 जुलाई 2026। जिले में किसानों, राशन उपभोक्ताओं और सहकारी संस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लेने के लिए जिला पंचायत रायगढ़ की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) शाम 4:00 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति श्री गोपाल अग्रवाल करेंगे।
बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, खाद-बीज की उपलब्धता तथा विभागीय अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। संबंधित विभागों से तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के प्रमुख एजेंडे-
आगामी धान खरीदी की तैयारियों एवं अपेक्स बैंक की कार्यप्रणाली की समीक्षा।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की स्थिति, खाद-बीज भंडारण एवं पूर्व में पाई गई अनियमितताओं पर कार्रवाई की समीक्षा।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), उचित मूल्य दुकानों के संचालन एवं राशन वितरण व्यवस्था का परीक्षण।
कुटीर एवं ग्रामोद्योग, मितव्ययता एवं अल्पबचत, बाजार एवं सांख्यिकी से जुड़े विषयों पर चर्चा।-
सभापति की अनुमति से अन्य सामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श।
बैठक में समिति के सदस्य श्री मुरलीधर राठिया, श्रीमती संतबाई पटेल, श्रीमती लक्ष्मी पटेल एवं श्री रमेश बेहरा भी सम्मिलित होंगे। इसके अलावा जिला खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, अपेक्स बैंक सहित संबंधित विभागों के महाप्रबंधकों एवं अधिकारियों को आवश्यक विभागीय प्रतिवेदन एवं अद्यतन जानकारी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा प्रभाव जिले की धान खरीदी व्यवस्था, सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, राशन वितरण प्रणाली तथा किसानों एवं आम हितग्राहियों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ने की संभावना है।



