
युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जन-जागरूकता जगाने के लिए बूथ स्तर पर चला अभियान
खरसिया / किरोड़ीमल नगर:खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किरोड़ीमल नगर मंडल के देवरी शक्ति केंद्र में राष्ट्रभक्ति और जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति – तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं तिरंगा यात्रा के मंडल प्रभारी श्री गोपाल अग्रवाल जी उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा किरोड़ीमल नगर मंडल अध्यक्ष श्री अतुल शर्मा जी ने भी अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।
यात्रा का सफल नेतृत्व देवरी शक्ति केंद्र के संयोजक, युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं तिरंगा यात्रा के सह-संयोजक श्री राजेश पटेल जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शक्ति केंद्र के अन्य पदाधिकारी, सह-संयोजक, प्रभारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हर शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंच रहा देशभक्ति का संदेश – इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री अतुल शर्मा जी ने बताया कि किरोड़ीमल नगर मंडल के सभी शक्ति केंद्रों में तिरंगा यात्रा, मोटरसाइकिल रैली एवं पदयात्रा के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में देवरी शक्ति केंद्र में भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य प्रत्येक बूथ स्तर तक तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, बलिदानों का प्रतीक – कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, अखंडता, एकता और असंख्य वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने और उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जनभागीदारी से आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूती मिलती है।
गगनभेदी नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र – जैसे ही तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा शुरू हुई, पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। देशभक्ति के नारों और उत्साह से भरे वातावरण ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों में नई ऊर्जा का संचार किया।
देवरी शक्ति केंद्र में आयोजित इस तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा ने क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और जन-जागरूकता का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं एवं आमजनों में देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।



