कोडपाली में सुशासन तिहार शिविर संपन्न, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

पुसौर – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोडपाली में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकानों की चाबियां प्रदान की गईं। वहीं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकीं क्षेत्र की लखपति दीदियों का सम्मान किया गया। कक्षा 12वीं की प्राविण्य सूची (टॉप-10) में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्रा को भी मंच पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को सुगम आवागमन हेतु वॉकिंग स्टिक (चलने की छड़ी) वितरित की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, मंडल अध्यक्ष श्री जैमिनी गुप्ता, ग्राम पंचायत कोडपाली के सरपंच श्री विनोद पंडा सहित जनपद सदस्य, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम श्री महेश शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ श्री गोस्वामी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए थे, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।

कार्यक्रम का समापन जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता के सारगर्भित उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।



